जिल हज्ज, 1447 हिजरी
﷽
फरमाने रसूल ﷺ
कयामत के दीन मोमिन के मीज़ान में अखलाक-ए-हसना (अच्छे अखलाक) से भारी कोई चीज़ नहीं होगी, और अल्लाह ताअला बेहया और बदज़बान से नफरत करता है।
- जमाह तिर्मिज़ी
ज़रूरतमंद बच्चों को इकरा फाउंडेशन ने मुतालआ का सामान मुफत फराहम किया
गंडई व नर्मदा के तकरीबन 40 बच्चों को किया तकसीम
नया स्कूल बैग और दीगर सामान पाकर खिल उठे बच्चों के चेहरे
✅ बख्तावर अदब : खैरागढ़/गंडई
गुजिश्ता 8 सालों से ताअलीम के शोबे में लगातार बेहतर काम कर रही तंजीम इकरा फाउंडेशन ने गुजिश्ता इतवार, 7 जून को केसीजी जिले के गंडई व नर्मदा में जमात एक से बारह तक मआशरे के तकरीबन 40 जरूरतमंद बच्चों को मुतालआ का सामान मुफ्त फराहम किया। नया स्कूल बैग व मुतालआ की दीगर चीजें पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
इस मौके पर इकरा फाउंडेशन के बानी कारकुन व खैरागढ़ नगर पालिका के नायब सदर अब्दुल रज्जाक खान, सैय्यद जाकिर अली, इकरा फाउंडेशन के सदर खलील कुरैशी, सीनियर कारकुन फारुख मेमन, सीनियर नायब सदर हाजी रिज़वान मेमन, खजांची शमशुल होदा खान, सेक्रेटरी मोहम्मद याह्या नियाजी, नायब सदर रियाजुद्दीन कादरी व सीनियर अराकीन जुनैद खान समेत गंडई मुस्लिम जमात के सदर नगर पंचायत के साबिक नायब सदर जावेद खान, सीनीयर कारकुन अय्यूब कुरैशी, शेख कलीम, यावर नियाज़ी, मोहम्मद सिराज खान व नर्मदा से एडवोकेट गज़ाला निशा वगैरह मौजूद थीं।
बच्चों की खिदमत और उनके बेहतर मुस्तकबिल के लिए रब ने इकरा फाउंडेशन को जरिया बनाकर भेजा : खलील कुरैशी
प्रोग्राम से खिताब करते हुए इकरा फाउंडेशन के सदर खलील कुरैशी ने बच्चों से मन लगाकर और मेहनत से पढ़ाई करने की अपील की। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि गंडई के बच्चे इम्तेहान में हर साल बेहतर कारकर्दगी का मुजाहिरा करते हैं।
ईमानदारी से पढ़ाई कर मुल्क का नाम करें रौशन : फारुख मेमन
सीनियर कारकुन फारुख मेमन ने कहा, इकरा फाउंडेशन की बुनियाद कुरान की आयत इकरा से जुड़ी है जिसका मतलब ताअलीम है, यही इकरा फाउंडेशन का नस्बुलऐन है कि मआशरे के बच्चे ईमानदारी से पढ़ाई कर अपने असातजा, वालदैन, रियासत और मुल्क का नाम रोशन करें।
बच्चों के रोशन मुस्तकबिल के लिए इकरा का काम काबिल-ए-सताइश : अय्यूब
गंडई मुस्लिम जमात के सीनियर अराकीन अय्यूब कुरैशी ने कहा, इकरा फाउंडेशन, खैरागढ़ की टीम बीते कई सालों से मआशरे के होनहार और हर जरूरतमंद बच्चों के बेहतर मुस्तकबिल और उनकी ताअलीम के लिए बेहतर काम कर रही है।
बच्चों के मफाद में काम कर रहा फाउंडेशन : जावेद खान
सदर जावेद खान ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों के लिये इकरा फाउंडेशन की टीम बहुत ही नेक इरादों के साथ काम कर रही है जो काबिल-ए-ताअरीफ है। उन्होंने बच्चों से उम्मीद जताई कि वे ईमानदारी से पढ़कर अपने परिवार, मआशरे व मुल्क के काम आएंगे।
ताअलीम के लिए फाउंडेशन हमेशा कोशां रहेगा : याहिया नियाज़ी
इकरा फाउंडेशन के सेक्रेटरी मोहम्मद याह्या नियाज़ी ने कहा, ईमानदारी से कड़ी मेहनत करने वाले बच्चों को कामयाब होने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने बच्चों को भरोसा दिलाया कि ताअलीम के फरोग के लिए जब भी, जहां भी और जैसी भी जरूरत होगी, इकरा फाउंडेशन को वे हमेशा अपने साथ खड़ा पाएंगे।
प्रोग्राम की कार्रवाई खजांची शमशुल होदा खान ने चलाई जबकि जावेद खान ने इजहारे तशक्कुर किया। प्रोग्राम को कामयाब बनाने में इकरा फाउंडेशन के सीनियर अराकीन शेख कलीम ने कलीदी किरदार अदा किया। इस मौके पर कसीर तादाद में बच्चे, उनके वालदैन और मआशरे के लोग मौजूद थे।


0 टिप्पणियाँ